मुंगेर: बड़ी खबर बिहार के मुंगेर से है जहां गंगटा थाना क्षेत्र में टेम्पू लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से लूट की गई ऑटो भी बरामद कर ली गई है.
पुलिस के मुताबिक, 25सितंबर की रात जमालपुर जंक्शन से टेम्पू चालक यात्रियों को लेकर गंगटा की ओर जा रहा था. गंगटा थाना से करीब एक किलोमीटर पहले आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट कर उसके हाथ-मुंह बांध दिए और उसे नाले के पास फेंककर टेम्पू लेकर फरार हो गए थे.
वहीं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर गंगटा थाना में कांड संख्या86/26दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. मामले के खुलासे के लिए खड़गपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम में गंगटा थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया. तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नवादा,जमुई,नालंदा और धनबाद से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार उर्फ नितीश कुमार,कुंदन कुमार,धर्मेंद्र कुमार उर्फ धड़कन और निशांत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से लूट की गई टेम्पू,जिसका रजिस्ट्रेशन नंबरBR 08P 5745है,बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट-
