पटना के चांदनी मार्केट स्थित एक इलेक्ट्रिक गोदाम में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जिला फायर ऑफिसर अभिषेक कुमार के मुताबिक, आग बुझाने के लिए मौके पर 15 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था। लगातार प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे इलेक्ट्रिक सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

DFO ने बताया कि शुरुआती जांच में गोदाम में अग्नि सुरक्षा से जुड़े पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए हैं। पूरे मामले का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट