कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमरीतिलैया-कांको मार्ग पर चरकीपहरी के समीप रविवार दोपहर एक ऑटो की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान तिलैया डैम ओपी क्षेत्र के कांको निवासी विकास पंडित, पिता गुरदयाल पंडित के रूप में की गई है। वहीं घायल की पहचान रवि कुमार के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, विकास पंडित अपने मित्र रवि के साथ कांको से बाइक लेकर झुमरीतिलैया बाजार आ रहा था। इसी दौरान चरकीपहरी के समीप विपरीत दिशा से आ रही टाइल्स लोड ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के पश्चात ऑटो चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रवि को सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
इधर घटना के पश्चात तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले आई है। पुलिस फिलहाल उक्त ऑटो की तलाश में जुटी हुई है।
