बिहार में HIV संक्रमण को लेकर पूर्वी चंपारण में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। संक्रमितों की संख्या और उपचार के मामले में पूर्वी चंपारण राज्य में राजधानी पटना के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 12,267 HIV संक्रमित व्यक्ति पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 6,996 मरीज एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) के तहत उपचाररत हैं।स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक जिले में 89,409 लोगों की HIV जांच की गई। इनमें 491 लोग संक्रमित पाए गए। इस अवधि में संक्रमण की पहचान का औसत करीब 70 प्रति माह रहा, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह औसत 62.5 था। यानी नए संक्रमितों की पहचान में औसतन आठ की वृद्धि दर्ज की गई है।

जिले में संक्रमण का अधिक प्रभाव 20 से 40 वर्ष आयुवर्ग के लोगों पर देखा जा रहा है। रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और शहरों की ओर पलायन करने वाले कामगारों की बड़ी संख्या भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। भारत-नेपाल सीमा से सटे होने और लोगों की आवाजाही के कारण संक्रमण नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।जिले में 13 एकीकृत जांच एवं परामर्श केंद्र संचालित हैं। स्वास्थ्य विभाग जांच, परामर्श, नियमित उपचार और जागरूकता अभियान पर जोर दे रहा है। गर्भवती महिलाओं की जांच और समय पर उपचार के जरिए मां से बच्चे में संक्रमण के प्रसार को रोकने की भी प्राथमिकता है।HIV संक्रमित व्यक्तियों को बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना के तहत प्रतिमाह 1,500 रुपये सहायता दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य संक्रमितों की पहचान, नियमित उपचार और सामाजिक भेदभाव दूर कर संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट