उग्रवादी संगठन के नाम पर दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। खूंटी जिले की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए PLFI के नाम पर लेवी मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, कारतूस, बाइक, मोबाइल और संगठन के पर्चे भी बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, यह मामला इलाके में भय का माहौल बनाकर अवैध उगाही करने से जुड़ा है। आरोपियों ने तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित एक आवासीय विद्यालय और पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर इलाके में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान PLFI उग्रवादी संगठन के नाम पर पर्चा फेंका था। इसके जरिए आरोपियों ने लेवी की मांग की थी, जिससे निर्माण कार्य और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार इसकी जांच में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दो संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचानसंजू मांझी औरअंकुश बागो उर्फ दोनदो के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास सेएक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।
