पटना : बिहार में 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है. कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर 23 नवंबर को पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में दीपोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने घरों, कार्यालयों, छतों, बालकनी और दरवाजों पर दीप प्रज्ज्वलित कर नीतीश कुमार के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे.

JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से दीपोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है. निर्देश के अनुसार, प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम 11 दीप जलाने होंगे. वहीं, पार्टी के सभी प्रखंड और जिला कार्यालयों में न्यूनतम 101 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. प्रदेश कार्यालय में विशेष आयोजन के तहत 1001 दीप जलाने की तैयारी है.

पार्टी का कहना है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके कार्यकाल में बिहार को विकास, सुशासन और नई ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला है. उनके योगदान और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को सम्मान देने के उद्देश्य से दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है.

23 नवंबर की शाम दीपों से वातावरण को उत्सवमय बनाने के बाद 24 नवंबर को सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से अपने नेता के योगदान को याद करने और कार्यकर्ताओं के बीच आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी में जुटी है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-