झारखंड के युवाओं के लिए आज का दिन बेहद खास है। राजधानी रांची के प्रोजेक्ट भवन में आज ‘कौशल एवं रोजगार नियुक्ति पत्र वितरण सह सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री चमरा लिंडा और मंत्री हफीजुल हसन अंसारी भी मौजूद रहे। इसके अलावा विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह भी समारोह में उपस्थित रहे।
सुबह साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुए इस समारोह की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 3,044 प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है और उनके बीच नियुक्ति पत्रों का वितरण किया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित लगभग 300 युवा प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए हैं।
समारोह के दौरान कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा ने अपने संबोधन में विभाग की योजनाओं और युवाओं को मिल रहे अवसरों पर प्रकाश डाला। प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टीवी नरेंद्रन ने भी वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित किया और युवाओं को बधाई दी।
इस दौरान कई अहम बातें भी सामने आईं-
आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उनमें से 500 युवा विदेश में नौकरी करने जा रहे हैं।
दुमका में जल्द ही मेल आवासीय नर्सिंग कॉलेज की शुरुआत की जाएगी।
आने वाले समय में युवाओं को एआई (AI) के क्षेत्र में भी ट्रेंड किया जाएगा, ताकि वे बदलती तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
