Patna : पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. पटना से पुणे जाने वाले यात्रियों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब आखिरी समय में उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई.

पटना एयरपोर्ट पर Indigo की फ्लाइट कैंसिल, यात्रियों ने किया हंगामा

दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E126 को रात 2 बजकर 45 मिनट पर पटना से पुणे के लिए उड़ान भरनी थी. लेकिन पुणे से पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E653 खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते पटना पहुंचने के बजाय लखनऊ डायवर्ट कर दी गई.

यह विमान रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पटना पहुंचने वाला था और इसी विमान को वापस पुणे के लिए उड़ान भरनी थी. लेकिन विमान के डायवर्ट होने से पूरी उड़ान व्यवस्था प्रभावित हो गई और आखिरकार पुणे जाने वाली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई.

फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही यात्रियों का गुस्सा भड़क गया. यात्रियों ने इंडिगो के कर्मचारियों पर सही जानकारी नहीं देने और सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि लगातार आश्वासन दिया जा रहा था, लेकिन आखिरी वक्त में फ्लाइट कैंसिल कर दी गई.

यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी परेशानी सुनने के लिए एयरलाइंस का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. कई यात्रियों को जरूरी काम से पुणे जाना था, ऐसे में अचानक फ्लाइट रद्द होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गईं.

काफी देर तक इंतजार और अनिश्चितता के बाद यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और पटना एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू हो गया.

फिलहाल, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान डायवर्ट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट-