झारखंड विधानसभा ने अपने 26वें स्थापना दिवस का समारोह मनाया। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के भविष्य को लेकर एक बड़ा विजन रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेते हुए, झारखंड को भी 2050 तक देश का नंबर वन राज्य बनाने का लक्ष्य तय करना होगा। राज्यपाल ने जोर दिया कि राज्य में प्राकृतिक संसाधन, खनिज संपदा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत मौजूद है, लेकिन इनका पूरा लाभ उठाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं और सरकार, प्रशासन व जनता की साझा जिम्मेदारी की जरूरत है।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने संसदीय कामकाज की गुणवत्ता पर बात की। उन्होंने कहा कि विधानसभा की सफलता सिर्फ बैठकों की संख्या से नहीं,बल्कि जनहित के गंभीर विमर्श और सरकार की जवाबदेही से तय होती है। उन्होंने बताया कि पांचवीं विधानसभा में 110 बैठकें हुईं,जबकि 2025 में हुई 31 बैठकें राष्ट्रीय औसत से सात दिन अधिक रहीं। साथ ही,उन्होंने सूचीबद्ध प्रश्नों के उत्तरों का प्रतिशत बढ़ाने,विधेयकों की समिति जांच और बजट पर सार्थक चर्चा को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई। अध्यक्ष ने यह भी रेखांकित किया कि वर्तमान सदन में महिला विधायकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

इस मंच से अलग राज्य के संघर्ष और लोकतंत्र की भूमिका पर भी अलग-अलग दृष्टिकोण सामने आए। बाबूलाल मरांडी ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए अलग राज्य के गठन का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिया। उन्होंने कहा कि राज्य जिस मूल उद्देश्य के लिए बना था, उस पर आत्ममंथन जरूरी है और लोकतंत्र की गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए पक्ष और विपक्ष, दोनों पहियों को संतुलित रखते हुए विपक्ष की वाजिब मांगों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 26 वर्षों के सफर का लेखा-जोखा रखते हुए राज्य निर्माण में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत होने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की बात कही।

स्थापना दिवस समारोह में वर्ष 2026 के लिए 'बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान' मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को प्रदान किया गया। सम्मान पाने के बाद उन्होंने कहा कि विधानसभा महज ईंट-पत्थर की इमारत नहीं,बल्कि करोड़ों लोगों की उम्मीदों और जनआकांक्षाओं को आवाज देने का माध्यम है। उन्होंने इस सम्मान को मझगांव की जनता के आशीर्वाद का परिणाम बताया।

समारोह में विधानसभा के उत्कृष्ट कामकाज के लिए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें किरण सुमन बरखला, सुषमा सिन्हा, रविकांत समीर तिर्की, मो. अली अहमद, शिवराज राम और संजय कुमार शामिल हैं। इसके साथ ही झारखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया—तीरंदाजी में अंकिता भकत, झीगी पाहन और जीताराम वेदिया, जबकि हॉकी में सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग समेत अन्य खिलाड़ियों को सम्मान मिला। कुल मिलाकर, 26वें स्थापना दिवस ने एक ओर जहां लोकतांत्रिक जवाबदेही और भावी लक्ष्यों पर मंथन का अवसर दिया, वहीं राज्य की प्रतिभाओं और योगदानकर्ताओं को सम्मानित भी किया।