रामगढ़ पुलिस की नई पहल : कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में 'प्रहरी' अभियान शुरू,अड्डेबाजी स्थलों पर नजर
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वाकांक्षी अभियान 'प्रहरी' का शुभारंभ किया है. यह पहल जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होने वाला है.
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने इस अभियान की शुरुआत करते हुए रामगढ़ शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिसकर्मियों के साथ पैदल मार्च किया. थाना चौक, सुभाष चौक, मेन रोड और बाजार क्षेत्र जैसे संवेदनशील स्थलों से गुजरते हुए उन्होंने दुकानदारों, नागरिकों और वाहन चालकों से सीधी बातचीत की.
'प्रहरी' अभियान तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित
शहर के 76 मार्गों पर नियमित गश्ती रहेगी.जिले के सभी थाना और आउटपोस्ट प्रभारी सप्ताह में कम से कम दो दिन पैदल गश्ती करेंगे. 114 अड्डेबाजी स्थलों पर निगरानी रखी जाएगी. नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के अड्डों पर लगातार छापेमारी की जाएगी. इसके साथ ही 69 बिंदुओं पर रोजाना एंटी-क्राइम के तहत कम से कम तीन बार जांच की जाएगी.
आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना लक्ष्य
एसपी के अनुसार, इस पहल का प्राथमिक लक्ष्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, पुलिस की दृश्यता बढ़ाना और महिलाओं के साथ छेड़-छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाना है. साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा.
जनता सेसहयोग की अपील
पुलिस ने जनता से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है. नशाखोरी, अड्डेबाजी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी प्रदान कर आम नागरिक जिले को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
जिले में सुरक्षा व्यवस्था और विकास को नई ऊंचाई देने का संकल्प
'प्रहरी' अभियान पुलिस और जनता के साझा प्रयास से जिले में सुरक्षा व्यवस्था और विकास को नई ऊंचाई देने का संकल्प है. यह पहल रामगढ़ को अपराध मुक्त और नागरिक-हितैषी जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में सशक्त कदम साबित होगी.





