पटना: नीतीश न हमारे साथ, न नीरज के साथ, एमएलसी चुनाव से कोई मतलब नहीं: अनंत सिंह
बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जेडीयू में अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार न उनके साथ हैं और न ही जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के साथ हैं। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार को एमएलसी चुनाव से कोई मतलब नहीं है।
अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। वह जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इससे जेडीयू के भीतर राजनीतिक विवाद गहरा गया है।
नीतीश कुमार के प्रचार पर उठाए सवाल
अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार नीरज कुमार के प्रचार के लिए नहीं गए। उन्होंने उन चर्चाओं को भी खारिज किया, जिनमें नीतीश कुमार के प्रचार करने की बात कही जा रही थी। अनंत सिंह ने कहा कि दोनों नेता जेडीयू में हैं, लेकिन इस चुनाव में जनता ही तय करेगी कि जीत किसकी होगी।
उन्होंने नीरज कुमार की तबीयत खराब होने पर भी सवाल उठाए। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने बूथ एजेंटों को पैसे देने से बचने के लिए बीमारी का नाटक किया। हालांकि, यह अनंत सिंह का आरोप है।
नीरज कुमार को अस्पताल से मिली छुट्टी
गौरतलब है कि सोमवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद नीरज कुमार को पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अनंत सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार पर उनका विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से वह इस चुनाव में उनके खिलाफ हैं। बिहार की आठ एमएलसी सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। अब सबकी नजर पटना स्नातक सीट के मुकाबले पर है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

