बोकारो:बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में नियोजन की मांग को लेकर पिछले12 दिनों से जारी विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा की पहल पर बोकारो निवास में हुई कई घंटे की बैठक के बाद आंदोलन खत्म करने पर सहमति बनी।

बैठक में बीएसएल प्रबंधन के अधिकारी, विस्थापित प्रतिनिधि और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह शामिल हुईं। वार्ता के दौरान विस्थापितों की नियोजन संबंधी मांगों और बहाली की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीसी की पहल पर हुई कई घंटे की बैठक

इससे पहले मंत्री के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद विस्थापितों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले के समाधान के लिए पहल की।

बोकारो निवास में आयोजित बैठक में सभी पक्षों ने विस्थापितों की मांगों पर विचार-विमर्श किया। लंबी चर्चा के बाद भूख हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनी। हालांकि, नियोजन को लेकर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली और अप्रेंटिसों के नियोजन पर चर्चा

बैठक में चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली शुरू करने और अप्रेंटिस का प्रशिक्षण पूरा कर चुके विस्थापितों को नियोजन देने के मुद्दे प्रमुखता से उठे।

विस्थापित अप्रेंटिस संघ लंबे समय से बोकारो स्टील प्लांट में रोजगार की मांग कर रहा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशिक्षण पूरा कर चुके विस्थापितों को नियोजन का अवसर मिलना चाहिए।

हालांकि, इन मांगों पर अंतिम निर्णय लेने के लिए सेल मुख्यालय की सहमति आवश्यक होगी। इसलिए बैठक में हुई चर्चा को आगे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

मुख्य सचिव और सेल अध्यक्ष तक पहुंचेगा बैठक का ब्योरा

बैठक में तैयार किए गए मिनट्स को बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य सचिव और गृह सचिव को भेजेंगे। वहीं, बीएसएल प्रबंधन के अधिकारी बैठक का विवरण सेल के अध्यक्ष के पास भेजेंगे।

इसके बाद संबंधित स्तर पर मांगों पर विचार किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल, बहाली और नियोजन को लेकर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।

आंदोलन खत्म,अब फैसले का इंतजार

12 दिनों तक चले आंदोलन के समाप्त होने से तत्काल गतिरोध खत्म हुआ है, लेकिन विस्थापितों की मुख्य मांगों का समाधान अभी बाकी है।

अब विस्थापित अप्रेंटिस संघ और प्रभावित परिवारों की निगाहें जिला प्रशासन, बीएसएल प्रबंधन और सेल मुख्यालय के अगले कदम पर टिकी हैं। बैठक में बनी सहमति के आधार पर आगे क्या निर्णय लिया जाता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट