पटना : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में गुरुवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक उपमुख्यमंत्री सह पटना जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पटना जिले में तीन नए नगर निकायों के गठन और चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उपमुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बैठक के एजेंडों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद कुरथौल (फुलवारीशरीफ), नगर परिषद उलार (दुल्हिन बाजार) और नगर पंचायत दनियावां के गठन का प्रस्ताव विचाराधीन है।
इसके अलावा नगर परिषद बाढ़, मसौढ़ी, फतुहा और बख्तियारपुर के क्षेत्र विस्तार के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने इन प्रस्तावों पर अपने सुझाव रखे। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त को प्राप्त सुझावों की नियमानुसार समीक्षा कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सड़कों की मरम्मत सहित स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। इस पर विजय कुमार चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले में कार्रवाई या रिपोर्ट देने के लिए अगली बैठक का इंतजार नहीं किया जाए। कार्य पूरा होते ही संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना और कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, सांसद मीसा भारती, भीम सिंह, विधायक रामानंद यादव, संजीव चौरसिया, श्याम रजक, संदीप सौरव, रत्नेश कुमार, अरुण मांझी, सियाराम सिंह, संजय कुमार, विधान परिषद सदस्य कार्तिक कुमार, शशि यादव, संजीव कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी स्तुति सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
