पटना : संविधान दिवस के अवसर पर पटना में देश में पहली बार तैयार किए गए ‘भारत का संविधान-बाल संस्करण’का लोकार्पण किया गया. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं में प्रकाशित इस विशेष पुस्तक का विमोचन किया. इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को देश के संविधान की जानकारी सरल और सहज भाषा में उपलब्ध कराना है.
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए. लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि नागरिक संविधान को केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शक मानें. उन्होंने कहा कि बच्चों में स्कूली जीवन से ही संवैधानिक समझ विकसित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है.
पुस्तक के संपादक एवं पटना हाईकोर्ट के उप निबंधक राजेश कुमार दूबे ने कहा कि यह बाल-मैत्रीपूर्ण प्रस्तुति नई पीढ़ी को संविधान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
वहीं, सह-संपादक मुरली मनोहर श्रीवास्तव और संकेत साह ने बताया कि 184 पृष्ठों की इस पुस्तक को कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों की समझ के अनुरूप तैयार किया गया है. इसमें संविधान के भाग, अनुच्छेद, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नागरिकता, संसद, न्यायपालिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी आसान भाषा में दी गई है.
पुस्तक में कठिन संवैधानिक शब्दों को समझाने के लिए शब्दावली और विशेष शब्द संग्रह भी शामिल किया गया है. इसे जल्द ही अन्य भारतीय भाषाओं में भी प्रकाशित करने की तैयारी है.
पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट
