Patna : पटना हाई कोर्ट ने पॉक्सो कानून के तहत स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ लिए गये संज्ञान आदेश को निरस्त करते हुए कहा कि पीड़िता के 164 के बयान में प्रिंसिपल के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया. केवल पद पर होने से अपराध नहीं बनता.
जस्टिस सुनील दत्त मिश्रा की एकलपीठ ने अमल राज की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई के बाद संज्ञान आदेश को निरस्त कर दिया. कोर्ट ने कहा कि घटना के बाद स्कूल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों टीचरों को निलंबित कर दिया और अगले ही दिन उन्हें बर्खास्त कर दिया गया.
यही नहीं ,पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया गया.
मामला भागलपुर जिला के लालमटिया थाना कांड संख्या 772/2023 से जुड़ा है.
आरोप था कि स्कूल के दो स्पोर्ट्स टीचर मुकेश कुमार और प्रिंस कुमार ने 27.08.2023, 01.09.2023 और 12.09.2023 को एक नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न किया.
नाबालिग छात्रा के पिता की ओर से दर्ज प्राथमिकी में प्रिंसिपल का नाम नहीं था. बाद में ट्रायल कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएचओ से रिपोर्ट मांगी और प्रिंसिपल के खिलाफ संज्ञान लिया. कोर्ट ने कहा कि प्रिंसिपल के खिलाफ उकसाने या मदद करने का कोई सबूत नहीं मिला. कोर्ट ने संज्ञान आदेश को निरस्त कर दिया.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-
