लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंड मुख्यालयों के समक्ष एकदिनी धरना-प्रदर्शन किया गया. इसी कार्यक्रम को लेकर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम और जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव चंदवा प्रखंड पहुंच कर MMDR विधेयक के विरूद्ध केन्द्र सरकार के विरूद्ध जमकर हुंकार भरी है.
कार्यक्रम को लेकर सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि केन्द्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अवहेलना करते हुए झारखंडियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. उन्होंने कहा कि देश के 40 प्रतिशत कोयला का भंडार झारखंड में है. इसके बावजूद काला कानून लाकर झारखंड को कोयला के स्वामित्व से बेदखल करने में जुटी है. जिसे जेएमएम बर्दाश्त नहीं करेगी.
वहीं जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि MMDR के विरोध में हमारा गांव-गांव में भी प्रदर्शन जारी है और आज केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना के माध्यम से केंद्र सरकार को हम लोग यह बताना चाह रहे हैं कि जो बिल संशोधन लाए हैं, उसे अविलंब वापस लें, नहीं तो झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को लेकर विवश होंगे. कहा कि जिस तरीके से किसान आंदोलन को उन्होंने लाया था और बाध्य होकर उसे वापस लेना पड़ा था, उसी प्रकार एमएमडीआर को भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग विवश होकर केंद्र सरकार से वापस लेकर रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान प्रखंड नेता के साथ बूथ स्तरीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे. जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही.
लातेहार से मनोज मेहता की रिपोर्ट-
