गिरिडीह शहर के शास्त्री नगर दुर्गा मंडप में महासप्तमी के पावन अवसर पर शनिवार की देर शाम भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक आकाश और परिचय की जोड़ी ने माता रानी के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा पंडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ शास्त्री नगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक संजय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष रंजीत सिन्हा, सचिव रंजय बरदियार, कोषाध्यक्ष कैलाश राम, अमर सिन्हा, रविशंकर वर्मा और सीताराम पासवान सहित अन्य सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गायकों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
आकाश और परिचय ने ‘लाल-लाल चुनरी सितारों वाली’, ‘आज तेरा जगराता माता’ और ‘शेर पे सवार होके आजा शेरावालिये’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। इन भजनों पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। समिति की ओर से प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन की सफलता में समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
