मुंगेर:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दुर्गा पूजा के अवसर पर संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने असरगंज,तारापुर और संग्रामपुर के विभिन्न प्रमुख दुर्गा मंदिरों एवं पूजा स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था,विधि-व्यवस्था,श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने जिले के विभिन्न पूजा स्थलों का दौरा किया. उन्होंने तारापुर स्थित तेलडीहा मंदिर,असरगंज प्राचीन दुर्गा मंदिर,संग्रामपुर,रणगांव और बिहमा सहित अन्य स्थलों पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था,विधि-व्यवस्था संधारण,श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं. सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरतने और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.
जिलाधिकारी ने बताया कि तेलडीहा मंदिर में मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना करने की भी संभावना है. इसे लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने जिलेवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और जिला एवं पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. इस दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद,अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह,उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह,खड़गपुर अनुमंडल पदाधिकारी महेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट--
