जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे ब्रिज के पास पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक मारुति डिजायर कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से प्राप्त हुई थी। दरअसल, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे ब्रिज के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर विधि-व्यवस्था डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल और मारुति डिजायर कार में सवार चार युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रेहान हुसैन, शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा कार से 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
