झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले ही दिन बुधवार को सियासी पारा चढ़ा रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही मुख्य द्वार पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए विपक्षी विधायकों ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह पूरा प्रदर्शन झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और लंबित नियुक्तियों के मुद्दे पर केंद्रित रहा। प्रदर्शन कर रहे भाजपा विधायकों के अनुसार, राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन से लेकर परिणाम जारी करने तक की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है।

विपक्षी दल का कहना है कि नियुक्तियों में हो रही देरी के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। भाजपा विधायकों ने मांग की है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं से जुड़े लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और खाली पड़े पदों पर जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां पूरी की जाएं। विधानसभा परिसर के बाहर शुरू हुआ यह विरोध सदन के भीतर भी जारी रहा। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने आक्रामक रुख अपनाते हुए युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। दूसरी ओर, सत्तापक्ष और सरकार का लगातार यह कहना रहा है कि राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है, और विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए आयोग स्तर पर काम तेजी से जारी है। "फिलहाल, विशेष सत्र के पहले दिन युवाओं और रोजगार का मुद्दा पूरी तरह छाया रहा।