हजारीबाग कटकमसांडी रेलवे स्टेशन के समीप संचालित कोयला साइडिंग से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।ग्रामीणों ने साइडिंग संचालन के कारण धूल और प्रदूषण, आवागमन में परेशानी, विस्थापन तथा प्रभावित परिवारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि साइडिंग संचालन में निर्धारित नियमों और आवश्यक मानकों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित कंपनी और अधिकारियों से समस्याओं के समाधान की मांग की।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र का विकास जरूरी है, लेकिन विकास से प्रभावित परिवारों के हितों और मूलभूत समस्याओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय मानकों, सुरक्षा प्रावधानों और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों को उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और समाधान की दिशा में पहल का आश्वासन दिया।वहीं, प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। ग्रामीणों ने जरूरत पड़ने पर साइडिंग का संचालन बंद कराने की दिशा में कदम उठाने की भी बात कही।
विधायक ने कहा कि जनता की जायज समस्याओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों के साथ आगे भी संवाद जारी रहेगा।
