दुर्गा पूजा को लेकर चतरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी ने सबसे पहले सुरही स्थित हरलाल तालाब दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इसके बाद एसपी लकलकवा नाथ दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग आने और निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरतने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही।
एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। पूजा समितियां भी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।निरीक्षण के दौरान सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव सहित पुलिस जवान मौजूद थे।
