बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार के राहत प्रयासों के बीच बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड ने बड़ी पहल की है। निगम की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई है।सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को पटना के लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने 10 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा। यह राशि राज्य में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता और राहत कार्यों में उपयोग की जाएगी।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सहयोग के लिए बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम की ओर से दी गई यह राशि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राज्य में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। ऐसे में सरकार की ओर से राहत और पुनर्वास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री राहत कोष में मिलने वाली सहायता राशि का इस्तेमाल प्रभावित लोगों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने में किया जाएगा।कार्यक्रम में भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार भी मौजूद रहे।
बाढ़ की चुनौती के बीच सरकारी संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में सहयोग का सिलसिला जारी है। इससे प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने के प्रयासों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
