झारखंड सरकार के कौशल विकास प्रयासों के तहत अप्रैल से अक्टूबर के बीच 3,044 युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित 'मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह' में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मंत्री चमरा लिंडा और हफीजुल हसन भी उपस्थित रहे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में रोजगार पाने वाले इन युवाओं में कल्याण गुरुकुल के 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज के 746 और आईटीआई कौशल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं।
राज्य सरकार की इस पहल से अब तक 40 हजार युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिसमें अकेले कल्याण गुरुकुल के 32,131 युवा शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार युवाओं के हुनर को तराश कर उन्हें देश-विदेश में रोजगार के लिए आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा कि एआई (AI) और नई तकनीक के इस बदलते दौर में पढ़ाई के साथ-साथ हुनर भी बेहद जरूरी है। एचईसी (HEC) परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समय के अनुसार नई तकनीक के साथ सबको बदलने की आवश्यकता है।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
