पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सोनुवा में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने थाना के ठीक बगल की लाइसेंसी विदेशी शराब दुकान को ही निशाना बना डाला। रविवार की रात चोरों ने दुकान का ग्रिल काटकर और दरवाजा तोड़कर करीब 8 लाख रुपये मूल्य की शराब की बोतलें और नकद रुपये चोरी कर ली। इस घटना ने सोनुवा पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए मालवाहक चारपहिया वाहन का इस्तेमाल किया। बदमाशों ने पहले दुकान में लगे ग्रिल को तोड़ा और फिर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद दुकान के दराज में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इतना ही नहीं, दुकान में रखी महंगी शराब की बोतलों को एक-एक कर वाहन में लादा और आराम से फरार हो गए।

इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में कथित तौर पर बदमाशों को मुंह पर मंकी कैप पहनकर दुकान के अंदर घुसते, दराज से पैसे निकालते और शराब की बोतलें उठाकर ले जाते देखा जा सकता है। चोर बेहद इत्मीनान से पूरी घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने तक़रीबन 8 लाख रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है, चोरी के सामानों का मूल्यांकन जारी है, मूल्यांकन के बाद चोरी से हुए नुकसान का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान में चोरी हुई, वह राष्ट्रीय उच्च पथ-320डी के किनारे है और सोनुवा थाना से चंद कदमों की दूरी पर है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि थाना के इतने करीब चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दे दिया? क्या रात के समय पुलिस की गश्ती नहीं हो रही थी या फिर चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं था?

शराब दुकान के मालिक शशि कुमार सिंह और मैनेजर रोहित कुमार हैं। रोहित कुमार ने बताया कि घटना 22 नवंबर 2026 की रात हुई है। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है। मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना के ठीक बगल इतनी बड़ी चोरी होने से दुकान संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

फिलहाल इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार कर पाती है। घटना की जानकारी मिलते ही सोनुवा पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।