झारखंड के गढ़वा में भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के दो साल के कार्यकाल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला कमेटी ने शहर के रंका मोड़ पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर विधायक पर जमकर निशाना साधा। सभा में ‘पूरे हुए दो साल, गढ़वा की जनता बेहाल और विधायक जी हुए मालामाल’ के बैनर के जरिए विधायक के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए। जेएमएम नेताओं ने आरोप लगाया कि दो साल में विकास का कोई ठोस काम धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। वहीं, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को भी गिनाया।गढ़वा के रंका मोड़ पर आयोजित इस नुक्कड़ सभा में जेएमएम नेताओं ने भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को विकास के मुद्दे पर घेरा। जेएमएम के मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे ने कहा कि विधायक के दो साल के कार्यकाल में क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ है। विधायक लगातार राज्य में भाजपा की सरकार नहीं होने का हवाला देते हैं, लेकिन जब वे पहले दस वर्षों तक विधायक थे, उस समय नगर परिषद, विधानसभा और राज्य में भाजपा की ही सरकार थी। इसके बावजूद उस दौरान भी कोई खास विकास कार्य नहीं हुआ।
धीरज दुबे ने पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के कार्यकाल की चर्चा करते हुए दावा किया कि महज तीन वर्षों में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के दूर-दराज के इलाकों में करीब 1500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया गया। इसके अलावा जिले में कई ऐतिहासिक विकास कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जेएमएम पंपलेट के माध्यम से वर्तमान विधायक के कार्यकाल और उनके कामकाज को विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक पहुंचाएगा।
वहीं, जेएमएम केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी ने भी विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाकर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें क्षेत्र के विकास से कोई लेना-देना नहीं है। नुक्कड़ सभा के जरिए जेएमएम नेताओं ने जनता के बीच विधायक के दो साल के कार्यकाल को लेकर सवाल खड़े किए।
