झारखंड के पलामू जिला पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए छह शातिर मवेशी तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनका नेटवर्क झारखंड, बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। पुलिस ने मौके से 73 मवेशियों को सुरक्षित रेस्क्यू (मुक्त) किया है। पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे के रास्ते मवेशियों की अवैध तस्करी होने वाली है। इस पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए, सदर थाना क्षेत्र के जोड़ इलाके में पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर संदिग्ध हालत में आ रहे दो कंटेनर्स को रोका गया। जब पुलिस ने दोनों कंटेनर्स की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। अंदर क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरे गए 73 मवेशियों को पुलिस ने बरामद किया और तुरंत सभी को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल छह तस्करों को दबोचा। इनमें से दो तस्कर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि चार आरोपी झारखंड के लोहरदगा जिले के बताए जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले अजीम और कुंदरकी के मोहम्मद फरजान के रूप में हुई है। वहीं, झारखंड के लोहरदगा से जुड़े तस्करों में तैमूर कुरैशी, मोहम्मद राजा, इरशाद अंसारी और गुलजार अंसारी शामिल हैं।प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन मवेशियों को झारखंड के लोहरदगा से बिहार के डेहरी इलाके की ओर ले जाया जा रहा था, ताकि वहां से इन्हें आगे भेजा जा सके।इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के दौरान कई अहम और बड़े खुलासे हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।