आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने हाल के दिनों में पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में जाने वाले नेताओं पर इशारों-इशारों में निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्वार्थ की पूर्ति नहीं होने पर पार्टी छोड़कर चले जाते हैं। ऐसी बातों से आजसू पार्टी विचलित होने वाली नहीं है, क्योंकि पार्टी को शून्य से खड़ा किया गया है।दरअसल, बोकारो जिला आजसू पार्टी की ओर से बारी-कोऑपरेटिव में मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान विभिन्न दलों को छोड़कर बड़ी संख्या में युवाओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा।मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जिस संघर्ष के साथ पार्टी को बनाया गया और जिस ऊंचाई तक पार्टी पहुंची है, उस ऊंचाई को कोई छू नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक राजनीति में लोग विधायक और सांसद बनने के लिए आते-जाते रहते हैं और यह सभी राजनीतिक दलों में होता है।
सुदेश महतो ने युवाओं से राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।वहीं, आजसू छोड़कर भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं से जुड़े सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि जब यह बात सामने आएगी, तब उसका जवाब भी दिया जाएगा।
