हज़ारीबाग़ जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत डाटोखुर्द इलाके में सोमवार को हजारीबाग पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। दिनदहाड़े हुई इस पुलिस-अपराधी मुठभेड़ की खबर फैलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को डाटोखुर्द क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी मोर्चा संभाला गया, जिससे दोनों तरफ से गोलियां चलीं।
एसपी ने संभाली कमान, अतिरिक्त बल तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त सुरक्षा बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने पूरे डाटोखुर्द जंगल और आसपास के ग्रामीण इलाकों की चारों तरफ से घेराबंदी (नाकेबंदी) कर दी है। अपराधियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर सघन छापेमारी और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
