पटना : बिहार विधान सभा सचिवालय से प्राप्त सूचना के अनुसार, अष्टादश बिहार विधान सभा का चतुर्थ सत्र सोमवार, 30 नवंबर, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे सभा वेश्म, पटना में प्रारंभ होगा. सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम में 30 नवंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक विभिन्न विधायी एवं अन्य कार्य निर्धारित हैं.
औपबंधिक कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार, 30 नवंबर को शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण, यदि हो, का कार्य होगा. बिहार विधान मंडल के सत्र में नहीं रहने की अवधि में राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियाँ सदन पटल पर रखी जाएँगी. इसी दिन वित्तीय वर्ष 2026–2027 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी का उपस्थापन होगा. कार्यसूची में शोक प्रकाश, यदि हो, भी शामिल है.
मंगलवार, 1 दिसंबर तथा बुधवार, 2 दिसंबर, 2026 को राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य लिए जाएँगे.
बृहस्पतिवार, 3 दिसंबर, 2026 को वित्तीय वर्ष 2026–2027 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद एवं मतदान तथा तत्संबंधी विनियोग विधेयक का कार्य निर्धारित है.
शुक्रवार, 4 दिसंबर, 2026 को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य के अंतर्गत गैर सरकारी संकल्प लिए जाएँगे.
उक्त कार्यसूची औपबंधिक कार्यक्रम के अनुसार है.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
