मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुरू किया ‘होम-टू-रोल विजिट’ कार्यक्रम,अभियान के पहले दिन लातेहार पहुंचकर अधिकारियों को दिए निर्देश
रांची: झारखंड में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। राज्यभर में 1 नवंबर से 12 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत ‘होम-टू-रोल विजिट’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाई जाएगी और उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

12नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कशिश न्यूज़ से बातचीत में बताया कि निर्वाचन विभाग की ओर से पूरे राज्य में 1 से 12 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी जुटाने और पात्र लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के पहले दिन लातेहार पहुंचे के. रवि कुमार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि विशेष अभियान के पहले दिन वह लातेहार पहुंचे थे। यहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि कौन-कौन से पात्र नागरिक अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना लक्ष्य
निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि राज्य का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर नहीं रहे। सभी पात्र लोगों को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व यानी चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिले। विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से मतदाता जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

रांची से राजीव रंजन की रिपोर्ट