रामगढ़ : झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया है. उन्होंने रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन किया.

आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने रामगढ़ सीट से किया नामांकन दाखिल

रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय में सुनीता चौधरी के नामांकन के वक्त सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक लंबोदर महतो समेत बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे. इस मौके पर आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने कहा कि पार्टी ने एक बार फिर से हम पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मैं भारी मतों से जीता था. इस बार के चुनाव में वह रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करेंगी. जनता का उन्हें आशीर्वाद मिला है. उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर कई अहम कदम उठाए हैं. जनता के बीच उनके द्वारा किया गया काम सेवा-भाव को उजागर कर रहा है. इससे पहले उनके पति चंद्रप्रकाश चौधरी भी यहां से विधायक और मंत्री रहे हैं. उन्होंने भी इस पूरे इलाके में विकास की गंगा बहाई है.

वहीं सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि सभी की अपार समर्थन मिल रहा है. एक बार फिर से जीत कर लोगों के काम पूरे होंगे.