रामगढ़ : नेता प्रतिपक्ष सह भाजपा के चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी ने नामांकन से पूर्व रजरप्पा स्थित माँ छिन्मस्तिका मंदिर में पूजा अर्चना की एवं मां से जीत का आशीर्वाद मांगा. इस मौके पर उन्होंने कहा कि माँ छिन्मस्तिका ने हर बार मुझे जीत का आशीर्वाद दिया है. मुझे आशा है कि इस बार भी माता रानी और क्षेत्र की जनता मुझे जीत की हैट्रिक का आशीर्वाद मुझे जरूर देंगे.
अमर कुमार बाउरी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में जो भी शामिल होते हैं, वो भाजपा के कार्यकर्ता हो जाते हैं इसलिए उन्हें दूसरी पार्टी का नेता कहना गलत होगा.
आपको बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक 66 प्रत्याशियों की सूची जारी की है. इस सूची के अनुसार नेता प्रतिपक्ष सह बीजेपी प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी चंदनकियारी से चुनाव लड़ेंगे. इसको लेकर वे 24 अक्टूबर को नामांकन करेंगे. उन्होंने सोमवार को चंदनकियारी में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि बीजेपी के देवतुल्य कार्यकर्ता होने पर हम सभी को गर्व है. चंदनकियारी में भी बीजेपी सबसे अधिक कार्यकर्ताओं वाली पार्टी है. बीजेपी के कार्यकर्ता अपनी ताकत को पहचान कर उसका इस्तेमाल करते हुए एक बार फिर रिकॉर्ड मतों से चंदनकियारी में कमल खिलाने को उत्सुक है. उन्होंने लोगों से कहा कि 24 अक्टूबर को ऐतिहासिक रूप सें आप सबों का बेटा एवं भाई अमर बाउरी नामांकन करेंगे. देवतुल्य कार्यकर्ताओं को इसकी तैयारी में जुट जाने की जरूरत है.
सीनियर रिपोर्टर संतोष कुमार की रिपोर्ट---
