BIHAR NEWS : हाजीपुर में डीएम-एसपी और स्थानीय विधायक के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जिला स्कूल बना देशभक्ति का केंद्र
हाजीपुर : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व "हर घर तिरंगा अभियान" को लेकर बुधवार को हाजीपुर में जिला प्रशासन के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा की शुरुआत कचहरी मैदान से हुई. इसका नेतृत्व वैशाली डीएम वर्षा सिंह और एसपी शुभांक मिश्रा ने किया. उनके साथ हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह और लालगंज विधायक संजय सिंह भी शामिल हुए.

तिरंगा यात्रा में जिले के सैकड़ों पूर्व सैनिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, जीविका दीदियां और आमजन हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से पूरा माहौल देशभक्तिमय हो गया.
यह तिरंगा यात्रा जिला स्कूल मैदान में पहुंचकर एक भव्य कार्यक्रम में तब्दील हो गई. यहां डीएम, एसपी, दोनों विधायकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का बुके और शॉल देकर भव्य स्वागत किया गया.
कार्यक्रम के दौरान मंच से डीएम वर्षा सिंह ने देशभक्ति गीत गाया. उनके स्वर में स्वर मिलाकर उपस्थित पूरा जनसमूह भी गाने लगा और पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में डूब गया.
डीएम ने अपने संबोधन में कहा - "तिरंगा हमारी पहचान है. हर घर पर तिरंगा फहराकर हम अपने शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे."
कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और तिरंगा के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए.
प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न रखकर जन-आंदोलन बनाना है, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.
हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट--





