पटना : आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में पटना के जगदेव पथ स्थित Moreish Foods Limited में छापेमारी की गई। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों में कई खामियां पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए ₹23,100 मूल्य का 14 बोरी आटा जब्त किया गया। साथ ही 105 किलोग्राम टूटी-फ्रूटी (चेरी) और 10 किलोग्राम ब्रेड नष्ट की गई।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए पैडी सॉल्ट (Peddy Salt), लेमन येलो फूड कलर, तंदूरी आटा एवं मल्टीग्रेन ब्रेड के नमूने संग्रहित किए गए।

निरीक्षण में प्रतिष्ठान के भीतर साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान का फर्श टूटा हुआ पाया गया तथा कर्मचारियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले शौचालय में गंदगी पाई गई। इसके अतिरिक्त सभी कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं थे। खाद्य सामग्री के भंडारण एवं उपयोग में फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट (FIFO) प्रणाली का भी पालन नहीं किया जा रहा था।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32(1)(d) के अंतर्गत सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है। प्रतिष्ठान को सभी खामियां दूर करने के लिए 14 दिनों का समय दिया गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि 15वें दिन सभी त्रुटियों को दूर किए जाने का प्रमाण संबंधित अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए।

निर्धारित समयसीमा के भीतर सुधार का प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में प्रतिष्ठान का खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबित किया जा सकता है। इसके बाद भी नियमों का अनुपालन नहीं होने पर अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जा रही है, ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो और आम लोगों को स्वच्छ, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-