पटना : बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा हरा गमछा धारण किया जाना ये बताता है कि उनके दिल में और उनके मन में तेजस्वी जी का खौफ दिखा, यह भी दिखा कि समाजवादी धरती पर भगवा नहीं हरा ही चलेगा.
और जिस तरह से राघोपुर, बिदुपुर और वैशाली की जनता ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से दूरी बनाई और लदुआ भीड़ के सहारे कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया इससे तो एक बात स्पष्ट हो गया कि तेजस्वी जी के प्रति बिहार की जनता का विश्वास और समर्थन पूरी मजबूती से कायम है.
और जिस तरह से कार्यक्रम में लोगों की कम उपस्थिति दिखी उससे कहीं ना कहीं प्रधानमंत्री जी को भी लग गया कि बिहार की जनता का विश्वास और समर्थन तेजस्वी जी के साथ है. इसीलिए उन्होंने अपने भगवा विचार को त्याग कर आज हरा गमछा को स्वीकार किया.
एजाज ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी बताएं कि आपका एआई कहां गया जो हरा गमछा को देखते ही पकड़ लेता था. आज तो आपके नेता नरेंद्र मोदी ने अपने विचार को ही नहीं त्याग किया बल्कि रंग को भी त्याग करके यह बता दिया कि बिना हरियाली के समाज का निर्माण नहीं हो सकता है. जिस तरह से इस कार्यक्रम में नीतीश जी की उपेक्षा हुई वह भी साफ दिखा कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है.
