बढ़ते प्रदूषण के बीच राजधानी रांची के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश ने रांची की हवा को साफ कर दिया है। जो हवा कुछ दिन पहले तक सांस लेने के लिए भारी हो रही थी, वह अब बेहद साफ हो चुकी है। शनिवार शाम रांची का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI गिरकर सीधे 32 पर आ गया है, जो 'अच्छी वायु गुणवत्ता' की श्रेणी में आता है। यह बदलाव कितना बड़ा है, इसका अंदाजा आप इन आंकड़ों से लगा सकते हैं।
20 नवंबर को रांची का AQI 172 दर्ज किया गया था। वहीं, झारखंड के अन्य बड़े शहरों जैसे जमशेदपुर में AQI 249, धनबाद में 215 और बोकारो में 140 तक पहुंच गया था। लेकिन बारिश के बाद रांची का AQI 32 पर आ गया है। हालांकि, हवा में मुख्य प्रदूषक अभी भी PM 2.5 है, लेकिन इसकी मात्रा काफी कम हो गई है। बता दें कि नवंबर की शुरुआत में भी रांची की हवा काफी बिगड़ी थी, जब धुर्वा में AQI 193 और दीपाटोली में 191 तक पहुंच गया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश प्रकृति के 'एयर प्यूरीफायर' की तरह काम करती है। बारिश की बूंदें हवा में तैर रहे धूल और PM 2.5 जैसे सूक्ष्म कणों को अपने साथ बांधकर जमीन पर ले आती हैं, और हल्की हवा बचे हुए प्रदूषण को उड़ा ले जाती है।
ठीक ऐसा ही नजारा दीपावली के बाद भी देखने को मिला था, जब वन भवन के पास PM 10 का स्तर 989 के खतरनाक आंकड़े को पार कर गया था, लेकिन बारिश के बाद एक ही रात में इसमें 85 प्रतिशत की गिरावट आई थी। पर्यावरणविदों का मानना है कि रांची की हरियाली और ऊंचाई के कारण यहां प्रदूषण जल्दी छंट जाता है। मौसम विभाग ने 22 और 23 नवंबर को भी हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे अगले दो दिन हवा साफ रहेगी। लेकिन यह राहत स्थायी नहीं है। बारिश रुकते ही गाड़ियों का धुआं, कंस्ट्रक्शन की धूल और खुले में कचरा जलाने से प्रदूषण फिर बढ़ सकता है।
