लोहरदगा में रोजगार की मांग को लेकर मजदूरों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले कई दिनों से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे मजदूरों का सब्र अब जवाब देने लगा है। मजदूरों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए हिंडाल्को कंपनी प्रबंधन को अंतिम चेतावनी दी है। नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव की अगुवाई में मजदूरों ने घोषणा की है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी एक दिसंबर से रोपवे का परिचालन बंद कर दिया जाएगा।आंदोलन के दौरान अनिल उरांव ने कहा कि मजदूर लंबे समय से रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। मजदूरों को रोजगार देना कंपनी की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद मजदूरों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक दिसंबर से रोपवे बंद किया जाएगा। इसके बाद भी यदि कंपनी प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई तो हिंडाल्को की रेलवे साइडिंग के पास से हेसल डंपिंग यार्ड तक बॉक्साइट लेकर जाने वाले ट्रकों का परिचालन रोक दिया जाएगा। शहर से गुजरने वाले इन ट्रकों को सड़क पर जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक और अधिकार के लिए एकजुट हैं। जब तक उन्हें सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन में शामिल मजदूरों ने भी कंपनी प्रबंधन से जल्द वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की।मौके पर रोपा उरांव, छोटू उरांव, नानका उरांव, सोमरा उरांव, मंगल उरांव, सुशांति उरांव, फूलकुमारी उरांव, पूजा कुमारी, गीता देवी, बासमती उरांव सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।मजदूरों के इस आंदोलन से क्षेत्र में रोजगार का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अब देखना होगा कि कंपनी प्रबंधन मजदूरों की मांगों पर क्या पहल करता है और आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कोई ठोस कदम उठाता है या नहीं।