भोजपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा प्रधान डाकघर से जुड़े ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। CBI की टीम ने रविवार रात आरोपी को आरा प्रधान डाकघर स्थित उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद डाक विभाग में हड़कंप मच गया।आरोप है कि उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में पदस्थ ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उससे हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये की मांग की जाती थी। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान ग्रामीण डाक सेवक ने CBI से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद एजेंसी ने ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को ग्रामीण डाक सेवक आरोपी के सरकारी आवास पहुंचा और उसे 10 हजार रुपये दिए। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरुषोत्तम कुमार को पकड़ लिया।बताया गया कि CBI टीम को देखते ही आरोपी ने रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और रकम बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद CBI आरोपी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम कुमार का प्रमोशन के बाद दो दिन पहले ही अरवल तबादला हुआ था। कार्रवाई के दौरान उसके स्वजन ने हल्का विरोध भी किया, जिसे पुलिस ने समझाकर शांत कराया। मामले में CBI आगे की जांच कर रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट