पटना : ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार खेल के प्रति सजग और गंभीर है. प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं यही हमारी शुभकामना है. उक्त बातें रेजांगला शौर्य दिवस सह ज्योति प्रकाश निराला शहादत दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय अंतरराज्यीय बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कही. इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने उत्तर प्रदेश की टीम को 2-0 के अंतर से हराकर विजय हासिल की.

बिहार में 5500 खेल मैदान बनकर तैयार, खेल के प्रति राज्य सरकार गंभीर - मंत्री श्रवण कुमार

उन्होंने कहा कि जब 2005 में हमारी सरकार बनी तथा नीतिश कुमार मुख्यमंत्री बने तो खेल को बढ़ावा देने के लिए सबसे पहले जिला स्तर फिर अनुमंडल स्तर, उसके बाद प्रखंड स्तर पर खेल मैदान का निर्माण कराया गया, ताकि बच्चे खेल में अच्छा प्रदर्शन कर सके तथा बिहार का नाम रौशन कर सके.

राज्य में 5500 खेल मैदान बनकर तैयार

मंत्री ने कहा कि जब 2025 में हमारी सरकार बनी, तब 6800 खेल मैदान की स्वीकृति ग्रामीण विकास विभाग की ओर से दी गई जिसका शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया और आज 5500 खेल मैदान बनकर तैयार है. बिहार देश का पहला राज्य है, जहां इतने बड़े पैमाने पर खेल मैदान का निर्माण किया गया. इतना ही नहीं बिहार में खेल विश्वविद्यालय नहीं था तो हमने राजगीर में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की.

उन्होंने कहा कि मेडल लो और नौकरी का ऐलान भी हमारी ही सरकार ने किया, जो यह दर्शाता है कि हम खेल के प्रति कितने गंभीर हैं. इस मौके पर नारिक परिषद् सदस्य अमरेश चौधरी, बिंदा चनदबंशी, बद्री भगत, सुमेशवर सिंह, वर्मा जी सहित खेल प्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद रहे.