पटना: जदयू विधायक अनंत सिंह और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी अब केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को दी गई है. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मामला पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में है और इसे सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.
दरअसल,पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं,अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आ चुके हैं. गुरुवार को अनंत सिंह डॉ. अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हुए. इससे जदयू के भीतर चल रहा विवाद अब चुनावी मैदान में भी सार्वजनिक रूप से दिखाई देने लगा है.
संजय झा के मुताबिक,अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को दी गई है. मोकामा विधानसभा क्षेत्र मुंगेर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है,जिसका प्रतिनिधित्व ललन सिंह करते हैं. ऐसे में दोनों नेताओं के बीच संवाद स्थापित कराने की जिम्मेदारी उन्हें दिए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस विवाद में अनंत सिंह के पुराने आरोप भी चर्चा में हैं. अनंत सिंह पहले आरोप लगा चुके हैं कि विधानसभा के चार चुनावों में नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था. अब जदयू उम्मीदवार के बजाय जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन में अनंत के सामने आने से पार्टी के सामने अनुशासन का सवाल भी खड़ा हो गया है.
फिलहाल जदयू नेतृत्व की प्राथमिकता विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की बताई जा रही है. आगे अनंत सिंह के रुख और ललन सिंह की पहल के बाद पार्टी का अगला कदम स्पष्ट होगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
