पटना में आयोजित कार्यक्रम में नये सदस्यों का स्वागत,पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पटना: बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा की मौजूदगी में विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने ली सदस्यता
राष्ट्रीय लोक मोर्चा में शामिल होने वालों में नंदकिशोर यादव (पब्लिक रिलेशन ऑफिसर, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार), प्रवीण कुमार, सोमेश कुमार कुशवाहा और शब्बीर आलम अंसारी (राष्ट्रीय महासचिव, अतिपिछड़ा मुस्लिम एकता मंच) प्रमुख रूप से शामिल हैं। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में नए सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों से जुड़कर सक्रिय रूप से काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

दीपक प्रकाश समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पार्टी के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता रजनीश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं पार्टी के युवा नेता दीपक प्रकाश, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज, सुभाष चंद्रवंशी, अंगद कुशवाहा, चौधरी बसंत पटेल, अंजलि कुशवाहा, इंजीनियर राजकुमार पासवान, रेयाजुद्दीन बखो और अनिल यादव समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा जहानाबाद के जिलाध्यक्ष पिंटू कुशवाहा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
इस मौके पर उपेन्द्र कुशवाहा और पार्टी के अन्य नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया। पार्टी की ओर से उम्मीद जताई गई कि नए सदस्य संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। राष्ट्रीय लोक मोर्चा में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के शामिल होने को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट