जमीन कब्जे के आरोपों पर मैथिली ठाकुर का पलटवार, बोलीं- सबूत हैं तो अधिकारियों को दिखाएं, परिवार के पास जमीन के कागजात मौजूद

पटना: बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार पर जमीन कब्जा करने के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। अब विधायक मैथिली ठाकुर ने इन आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए चुनौती दी है कि जिन लोगों के पास सबूत हैं, वे संबंधित सरकारी अधिकारियों के सामने उसे पेश करें।

मैथिली ठाकुर ने कहा कि पिछले दो दिनों से उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। बड़े-बड़े शब्दों का इस्तेमाल कर परिवार को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के पास जमीन से जुड़े सभी जरूरी कागजात मौजूद हैं। यदि किसी को कोई आपत्ति है तो वह अंचलाधिकारी, डीसीएलआर या संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के सामने अपना पक्ष और सबूत रख सकता है।

विधायक ने बताया कि पोखर भिंडा वाली जमीन पर उनका घर बन रहा है। इस निर्माण में गांव के लोग भी सहयोग कर रहे हैं और वहां बैठते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ लोगों को इस निर्माण से आखिर क्या परेशानी हो रही है।

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर गांव के कुछ लोगों ने धार्मिक स्थलों, रैयती जमीन और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। शिकायत में ग्राम देवता तिवारी बाबा के स्थल, राधाकृष्ण मंदिर, डिहबार, सरकारी सड़क और तालाब से निकलने वाले नाले की जमीन पर कब्जे का आरोप शामिल है।

कुछ ग्रामीणों ने निजी जमीन के हिस्सों पर मिट्टी कटाई और अतिक्रमण की शिकायत भी की है।

राजद ने भी लगाए आरोप
इस मामले में राजद नेता भाई वीरेंद्र ने भी मैथिली ठाकुर के परिजनों पर सत्ता की ताकत का इस्तेमाल कर जमीन हथियाने का आरोप लगाया है। वहीं, मैथिली ठाकुर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके परिवार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों का सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। अब पूरे मामले में सरकारी अधिकारियों के स्तर पर जांच और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट