पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राघोपुर की घटना और बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने तेजस्वी यादव के केंद्र सरकार पर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि दूसरों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाने से पहले उन्हें खुद भी अपनी जिम्मेदारी का जवाब देना चाहिए। चिराग ने तंज कसते हुए कहा, “एक उंगली उठाएंगे तो चार उंगलियां आपकी तरफ उठेंगी।”
राघोपुर की घटना पर तेजस्वी से पूछे सवाल
राघोपुर में हुई घटना का जिक्र करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह सुनिश्चित करना संबंधित जिम्मेदार लोगों का दायित्व है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि अगर नेता प्रतिपक्ष उनकी जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हैं,तो उन्हें भी अपने क्षेत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का जवाब देना चाहिए।
चिराग ने सवाल किया कि घटना के बाद तेजस्वी यादव कितनी देर बाद दिल्ली से अपने क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि राघोपुर की जनता ने तेजस्वी यादव और उनके परिवार के सदस्यों को सदन तक पहुंचाया है। ऐसे में तेजस्वी यादव को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास और जनता के हित में क्या काम किए हैं।
बिहार में अपराध पर भी दी प्रतिक्रिया
बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि ऐसी घटनाओं के मामले में सरकार से जुड़े जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता को यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए कि आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं।
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने स्पष्ट किया कि वह इस तरह के बयान का समर्थन नहीं करते हैं। उनके मुताबिक,जनप्रतिनिधियों को अपराध जैसे गंभीर मुद्दों पर जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए।
एमएलसी चुनाव में एनडीए की जीत का दावा
बिहार में होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर भी चिराग पासवान ने अपनी बात रखी। अनंत सिंह द्वारा एनडीए उम्मीदवार का विरोध किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
चिराग ने कहा कि एनडीए के सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए गठबंधन के सभी दलों के नेता मिलकर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एमएलसी चुनाव के नतीजे भी बिहार विधानसभा चुनाव की तरह होंगे और एनडीए के सभी उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
चिराग पासवान के इस बयान से बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत हैं। राघोपुर की घटना, राज्य में अपराध और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस जारी है। वहीं, एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए ने जीत का भरोसा जताया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

