बेदा में पति-पत्नी की हत्या और डुमरा में किसान की हत्या के मामले में6 गिरफ्तार, छात्र को गोली मारने के केस में भी पुलिस की कार्रवाई जारी

रोहतास:रोहतास जिले में पुलिस ने हत्या के दो मामलों समेत तीन आपराधिक कांडों का खुलासा करने का दावा किया है। इन मामलों में कुल11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी मिस्टर राज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बेदा में पति-पत्नी की हत्या और डुमरा में किसान की हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, छात्र को गोली मारने के मामले में भी पांच लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बेदा दोहरे हत्याकांड में तीन गिरफ्तार

सासाराम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 के क्षेत्र में आने वाले मुफस्सिल थाना अंतर्गत बेदा में7 सितंबर को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मिस्टर राज के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक को संदेह था कि पति-पत्नी ने पहले के एक मामले में पुलिस को सुराग दिया था। इसी रंजिश में दोनों की हत्या किए जाने की बात आरोपी ने पूछताछ में बताई है।

डुमरा में किसान की हत्या का खुलासा

करहगर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में जनार्दन तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी की हत्या के मामले में भी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि जनार्दन तिवारी और आरोपी के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।

स्कूल जा रहे छात्र को गोली मारने के मामले में कार्रवाई

तीसरा मामला बिक्रमगंज अनुमंडल के कच्छवां थाना क्षेत्र स्थित जगू टोला का है। यहां 9 अक्टूबर को स्कूल जाने के दौरान एक छात्र को गोली मार दी गई थी। घायल छात्र का इलाज जारी है।

एसपी मिस्टर राज के अनुसार, इस मामले में एक युवती समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें दो विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों की जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट