जदयू की जिला बैठक में कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा,नवमनोनीत पदाधिकारियों को सौंपे गए मनोनयन पत्र

भागलपुर: आगामी कार्यक्रम ‘फरक्का जलसंधि पर नीतीश संवाद’ को सफल बनाने के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 25अक्टूबर2026को जिला जदयू कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा,संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की गई। इस दौरान संगठन में नवमनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र भी सौंपे गए।

बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने की। बैठक में जानकारी दी गई कि भागलपुर के टाउन हॉल में प्रस्तावित कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में नवमनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए गए। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को मजबूत बनाने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों एवं सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिया।

जदयू जिला प्रवक्ता शैलेंद्र तोमर ने बताया कि ‘फरक्का जलसंधि पर नीतीश संवाद’ पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसकी तैयारियों में वरिष्ठ नेताओं से लेकर जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय किया जा रहा है। बैठक में सांसद,पूर्व सांसद,विधान पार्षद,विधायक और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर सुल्तानगंज के विधायक ललित नारायण मंडल, सूड्डू साई, शेखर पांडे, राकेश ओझा सहित महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा कहलगांव, पीरपैंती, सुल्तानगंज और नवगछिया क्षेत्र के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी।

भागलपुर से डब्ल्यू कुमार की रिपोर्ट