रजिस्ट्री ऑफिस के पास पारंपरिक आवागमन मार्ग अवरुद्ध करने का आरोप,रास्ता बहाल करने और न्याय की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

रांचीःमोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास आदिवासी परिवारों के पारंपरिक आवागमन मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में पीड़ित परिवारों और स्थानीय निवासियों का अनिश्चितकालीन धरना22 अक्टूबर से जारी है। प्रदर्शनकारियों ने रांची नगर निगम के अधिकारियों, इंफोर्समेंट टीम और संबंधित ठेकेदार के लोगों पर रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवार के मनोज प्रभाकर उरांव के अनुसार, 17 अक्टूबर को नगर निगम की टीम और ठेकेदार से जुड़े लोगों की कार्रवाई के बाद आवागमन का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चारदीवारी निर्माण के कारण आदिवासी परिवारों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

धरना दे रहे लोगों ने रास्ता बहाल करने और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। धरने में राजेश कुजूर, कुंदरेसी मुंडा, निरंजना हेरेंज टोप्पो, संध्या कुजूर, नमी उरांव, अंजलि उरांव, सुमन कुजूर समेत सैकड़ों लोग शामिल हैं।

रांची से नैयर की रिपोर्ट