प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार,विधायक नीरा यादव बोलीं- जमीन पर नहीं दिख रहा विकास

रांची:भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा विधायक नीरा यादव ने राज्य सरकार पर विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विकास का काम ठप पड़ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड को संवारने और सरकार की कमियों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी।

नीरा यादव ने बताया कि बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के25वर्षों के सार्वजनिक जीवन और शासनकाल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। वहीं,दूसरे दिन हेमंत सरकार की कमियों को जनता के सामने रखने और झारखंड के विकास के लिए अपनी भूमिका निभाने का निर्णय लिया गया।

जनता के बीच जाएगी भाजपा

भाजपा विधायक ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को जनता के सामने लाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता हेमंत सरकार की कमियों और नीतियों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास का काम जमीन पर नजर नहीं आ रहा है।

नीरा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार काम करेगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों के जरिए पार्टी ने राज्य सरकार को घेरने और जनता के बीच अपनी बात रखने की रणनीति स्पष्ट की।

रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट