पटना : बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को बदलती तकनीकी एवं रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 के निश्चय-1 'दोगुना रोजगार-दोगुना आय के अंतर्गत कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) के संचालन की स्वीकृति प्रदान की है.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के 1,609 प्रशिक्षण केन्द्रों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम का क्रियान्वयन पूर्व से कुशल युवा कार्यक्रम का संचालन कर रहे संचालकों के माध्यम से ही किया जायेगा. इस संबंध में पूर्व से संचालन कर रहे संचालकों से दिनांक-06.10.2026 तक आवेदन आमंत्रित किये गये थे, जिसके विरूद्ध 680 केन्द्र संचालकों द्वारा आवेदन समर्पित किया गया है.
प्राप्त आवेदनों के अनुसार केन्द्र संचालकों से समझौता ज्ञापन की प्रक्रिया दिनांक-29.10.2026 से दिनांक-05.11.2026 तक बिहार कौशल विकास मिशन कार्यालय, नियोजन भवन, इनकम टैक्स गोलम्बर, बिहार, पटना में निर्धारित किया गया है.
इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण की अवधि कुल 270 घंटे की होगी, जिसके पाठ्यक्रम में इम्पलॉयवलिटि स्किल (व्यवहार कौशल, अंग्रेजी एवं रोजगार तत्परता) एवं ऑन जॉब ट्रेनिंग भी शामिल है. जिसमें 15 से 28 वर्ष (विशेष वर्गो के लिये आयु सीमा में छूट सहित) के युवाओं को समान रूप से डिजिटल एवं कंप्यूटर कौशल सीखने और अपनी दक्षता विकसित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा. इसका मूल उद्देश्य राज्य के युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है साथ ही यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य के युवाओं के बीच डिजिटल कौशल की पहुंच को अधिक व्यापक एवं समावेशी बनाने का माध्यम होगा. यह कार्यक्रम पूरे राज्य में चलाया जा रहा है.
यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के अनुरूप एवं भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है जिससे युवाओं की कार्यकुशलता एवं रोजगारपरकता में वृद्धि होगी. साथ ही कौशल एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
