पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला,पुलिस महकमे में मचा हड़कंप;अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से पुलिस विभाग को कटघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गम्हरिया थाना परिसर में शिकायत लेकर पहुंची एक महिला ने वहां तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया है। मामले की जांच सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारतद्वाज कर रहे हैं।
पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अपनी शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी। इसी दौरान महिला ने आरोप लगाया कि थाना परिसर में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। महिला के इस गंभीर आरोप के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
SDPOने देर रात थाने पहुंचकर शुरू की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सरायकेला के SDPO अनुभव भारतद्वाज देर रात गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद मामले की जांच शुरू कराई गई।
संदेही पुलिसकर्मी हिरासत में,पूछताछ जारी
SDPO अनुभव भारतद्वाज ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। संदेही पुलिसकर्मी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में विधि-सम्मत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला की ओर से पुलिसकर्मी पर लगाए गए इस आरोप ने पुलिस व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपी के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।
सरायकेला से विजय कुमार की रिपोर्ट

